श्री माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी: अमृतसर से कटड़ा के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस, 11 अगस्त से होगा नियमित संचालन

by cityplusnews · August 7, 2025
Share This News

देश की सबसे तेज और अत्याधुनिक ट्रेनों में शुमार वंदे भारत एक्सप्रेस अब एक और नए रूट पर दौड़ने को तैयार है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और अमृतसर रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली यह नई ट्रेन खासतौर पर तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। यह सेवा 11 अगस्त से नियमित रूप से शुरू होगी।

10 अगस्त को होगा उद्घाटन, प्रधानमंत्री देंगे हरी झंडी

इस वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 10 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। उद्घाटन समारोह कटड़ा, जम्मू और पठानकोट रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 11 अगस्त से ट्रेन आम यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।

सप्ताह में छह दिन चलेगी, मंगलवार को नहीं

यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। ट्रेन के शुरू होने से पंजाब, जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों से वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को तेज और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।

यात्रा समय और स्टॉपेज की जानकारी

  • ट्रेन संख्या 26406:
    प्रस्थान: श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा – सुबह 6:40 बजे
    आगमन: अमृतसर – दोपहर 12:20 बजे
    स्टॉपेज: जम्मू, पठानकोट कैंट, जालंधर सिटी, व्यास
  • ट्रेन संख्या 26405:
    प्रस्थान: अमृतसर – शाम 4:25 बजे
    आगमन: कटड़ा – रात 10:00 बजे
    स्टॉपेज: व्यास, जालंधर सिटी, पठानकोट कैंट, जम्मू

उधमपुर को नहीं मिला ठहराव, स्थानीय लोग नाराज़

हालांकि इस नई वंदे भारत सेवा में उधमपुर रेलवे स्टेशन को स्टॉपेज नहीं दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि उधमपुर एक महत्वपूर्ण स्टेशन है और वहां ट्रेन का रुकना ज़रूरी है। स्थानीय नेताओं और नागरिकों ने इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की है।

पर्यटन और धार्मिक यात्रा को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह सेवा क्षेत्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी। वैष्णो देवी यात्रा को अब और भी सुविधाजनक और समयबद्ध बनाया जा सकेगा। साथ ही, अमृतसर जैसे ऐतिहासिक व सांस्कृतिक केंद्र से सीधा संपर्क होने से व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

*To Join Cityplus WhatsApp Channel* http://bit.ly/3JlyrjS

You may also like