11 मार्च से रवाना होगी IRCTC की विशेष ‘भारत गौरव’ ज्योतिर्लिंग यात्रा ट्रेन, किराया ₹18,850 से शुरू

by cityplusnews · February 12, 2026
Share This News

आईआरसीटीसी (IRCTC) श्रद्धालुओं के लिए 8 रात और 9 दिन की विशेष ‘भारत गौरव’ ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा ट्रेन संचालित करने जा रहा है। यह ट्रेन 11 मार्च को भागलपुर से रवाना होगी और गया स्टेशन होते हुए विभिन्न राज्यों के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराएगी। गया और आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

इस यात्रा का उद्देश्य देशवासियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।

यात्रा में शामिल प्रमुख तीर्थस्थल इस प्रकार हैं:

  • उज्जैन का महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग
  • मध्य प्रदेश का ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग
  • गुजरात के सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग
  • द्वारका का द्वारकाधीश मंदिर
  • अहमदाबाद का अक्षरधाम मंदिर

यात्रियों की सुविधा के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं:

  • इकोनॉमी क्लास: ₹18,850
  • स्टैंडर्ड क्लास: ₹33,995
  • कम्फर्ट क्लास: ₹41,990

किराए में भोजन, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन के लिए गाइडेड टूर शामिल हैं। श्रद्धालुओं को नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही स्थानीय भ्रमण के लिए बस सुविधा भी रहेगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, संध्या आरती और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर भक्तिमय वातावरण बनाया जाएगा।

आईआरसीटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि पूरी यात्रा प्रशिक्षित टूर मैनेजर की देखरेख में संचालित होगी। यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और चिकित्सा सहायता की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुखद तीर्थयात्रा का अनुभव कर सकें।

You may also like