बेंगलुरु में एक खुशियों भरा मैटरनिटी फोटोशूट दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब स्टूडियो परिसर में मौजूद पानी के कुंड ( Pond ) में गिरने से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई।
यह घटना शनिवार दोपहर गिद्देनहल्ली, मगडी मेन रोड के पास स्थित द शायर स्टूडियो में हुई। मृतक बच्चे की पहचान लक्षवीर सी के रूप में हुई है, जो जेपी नगर निवासी चरण राज और स्वाति का बेटा था। स्वाति आठ महीने की गर्भवती हैं और परिवार दूसरे बच्चे का इंतजार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार करीब 2:30 बजे फोटोशूट चल रहा था, तभी पास में खेल रहा बच्चा स्टूडियो परिसर के एक छोटे पानी के कुंड की ओर चला गया। परिसर में तीन छोटे-छोटे तालाबनुमा कुंड हैं और आशंका है कि वह फिसलकर उनमें से एक में गिर गया।
कुछ देर तक किसी का ध्यान नहीं गया। जब स्वाति को बच्चा नहीं मिला तो उन्होंने घबराकर तलाश शुरू की, जिसके बाद उसे पानी में पाया गया। स्टूडियो कर्मचारियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मदनायकनहल्ली थाने में स्वाति के पिता रमेश बाबू की शिकायत पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस यह भी देख रही है कि स्टूडियो में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं।
यह हादसा परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बन गया है।


