उत्सव के दौरान हाथी ने युवक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटका; घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
केरल के त्रिशूर में पारंपरिक मंदिर उत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सजा-धजा हाथी अचानक आक्रामक हो गया और एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर ली, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
घटना मंदिर परिसर के अंदर चल रहे उत्सव के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति हाथी पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने खड़ा एक अन्य युवक अनजाने में हाथी की पहुंच में आ गया।
अचानक हाथी ने युवक को अपनी सूंड से पकड़कर हवा में उठा लिया और जोर से जमीन पर पटक दिया। गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर मौजूद महावतों ने काफी मशक्कत के बाद हाथी को काबू में किया। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन द्वारा मंदिर उत्सवों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की संभावना है।


